बठिंडा़ में चौथे पर्ल विश्व कबड्डी कप की शुरुआत शनिवार को स्थानीय मल्टीपर्पज स्टेडियम में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने की। रंगबिंरगी रोशनी से नहाए स्टेडियम में मंच पर पंजाबी गायकों की दमदार प्रस्तुति और बालीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।
मंच का संचालन सतिदंर सत्ती ने किया। गिप्पी ग्रेवाल, सतिंदर सत्ती, शैरी मान व मिस पूजा ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस मौके पर आयोजन समिति के चेयरमैन और उप मुख्य मंत्री सुखबीर सिंह बादल ने लोगों को संबोधित किया। इस बार कबड्डी विश्व कप में 14 देशों 20 टीमें हिस्सा लेने पंजाब पहुंच गई हैं। पुरुष और महिला वर्ग के रूप में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में आठ महिला और 12 पुरुष टीमें भाग ले रही हैं।
रेफरल की मांग करके टीवी अंपायर से मदद लेने के साथ मैच में बार—बार पड़ती रुकावट की जगह अब आधे समय से पहले तथा आधे समय के बाद कप्तान या कोच द्वारा सिर्फ दो—दो रेफरल मांगे जा सकेंगे।
रेफरल के सही होने पर टीम को अंक मिल जाएगा तथा उसके दोनों रेफरल बराबर रहेंगे, गलत होने की सूरत में रेफरल कटौती हो जाएगी तथा दूसरी टीम को एक ज्यादा अंक दिया जाएगा।
यदि कोई टीम पहले हाफ में कोई रेफरल नहीं मांगती तो उसके दो रेफरल खत्म माने जाएंगे। सिर्फ दूसरे हाफ वाले दो रेफरल रहेंगे। पुरुष वर्ग की पहली 3 टीमों को 2 करोड़, 1 करोड़ तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 51 लाख मिलेंगे।
महिला वर्ग के लिए इस बार इनामी राशि दुगुनी करते हुए विजेता टीम को 1 करोड़ रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाली टीम को 51 लाख रुपये तथा तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 25 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। दोनों वर्गों में भाग लेने वाली टीमों को 10—10 लाख रुपये मिलेंगे। बढ़िया जाफी तथा बढ़िया धावक को विशेष इनाम देंगे।
मैचों का शेड्यूल इस तरह से है :
पहली दिसंबर पटियाला : ईरान बनाम स्पेन, अर्जेंटीना-केन्या, भारत—अमेरिका, महिला वर्ग भारत बनाम न्यूजीलैंड।
दो दिसंबर चोहला साहिब : पुरुष वर्ग: इंग्लैंड—सेरा लियोन, कनाडा—डेनमार्क, पाकिस्तान—स्कॉटलैंड, महिला वर्ग: डेनमार्क—पाकिस्तान। तीन दिसंबर होशियारपुर पुरुष वर्ग : अमेरिका—केन्या, ईरान—अर्जेंटीना, भारत—स्पेन, महिला वर्ग : भारत—केन्या। चार दिसंबर गुरदासपुर पुरुष वर्ग: स्कॉटलैंड—सेरा लियोन, पाकिस्तान—डेनमार्क, कनाडा—इंग्लैंड, महिला वर्ग: इंग्लैंड—मैक्सिको, 5 दिसंबर दोदा : स्पेन—अर्जेंटीना, अमेरिका—ईरान, भारत—केन्या, महिला वर्ग: न्यूजीलैंड—केन्या। 6 दिसंबर अमृतसर : पाकिस्तान—सेरा लियोन, डेनमार्क—इंग्लैंड, स्कॉटलैंड—कनाडा, महिला वर्ग: डेनमार्क—मैक्सिको, 7 दिसंबर जलालाबाद पुरुष वर्ग : केन्या—ईरान, स्पेन—अमेरिका, भारत—अर्जेंटीना, महिला वर्ग : भारत—अमेरिका, पाकिस्तान—इंग्लैंड, 8 दिसंबर रूपनगर पुरुष वर्ग : सेरा लियोन—डेनमार्क, इंग्लैंड—स्कॉटलैंड, पाकिस्तान—कनाडा, महिला वर्ग: केन्या—अमेरिका, 9 दिसंबर संगरूर पुरुष वर्ग : सेरा लियोन—कनाडा, डेनमार्क—स्कॉटलैंड, पाकिस्तान—इंग्लैंड, महिला वर्ग: डेनमार्क—इंग्लैंड, अमेरिका—न्यूजीलैंड, 10 दिसंबर मानसा : केन्या—स्पेन, अर्जेंटीना—अमेरिका, भारत—ईरान, महिला वर्ग: मैक्सिको—पाकिस्तान, 11 दिसंबर पुरुष वर्ग सेमीफाइनल बठिंडा : पूल ए की विजेता बनाम पूल बी की उप विजेता, पूल बी की विजेता बनाम पूल ए की उप विजेता। 12 दिसंबर जालंधर : महिला वर्ग का फाइनल, दोनों वर्गों के तीसरे—चौथे स्थान वाले मैच। 13 तारीख आराम का दिन, 14 दिसंबर को लुधियाना में पुरुष वर्ग का फाइनल तथा रंगारंग समापन समारोह होगा।