शहर के पावर हाउस रोड पर स्थित जिंदल हार्ट अस्पताल और धोबी बाजार में स्थित रायल ज्वेलर्स में वीरवार सुबह आठ बजे इनकम टैक्स विभाग ने छापामारी की।
यह छापामारी 11 घंटे बीतने के बाद भी जारी थी। इसके अलावा अस्पताल और ज्वेलर्स के मालिक के घरों पर भी जांच की गई।
सूत्र के अनुसार वीरवार सुबह आठ बजे रायल ज्वेलर्स में जम्मू और जिंदल हार्ट अस्पताल में लुधियाना के इनकम टैक्स अधिकारियों ने दबिश दी।
इसके बाद देर शाम सात बजे तक भी उक्त अधिकारियों की जांच जारी थी। सूत्रों ने बताया कि जिंदल हार्ट अस्पताल के मालिक डॉ. राजेश जिंदल ने विदेश से महंगी मशीनें खरीदी थी। इसे लेकर उनके अस्पताल में इनकम टैक्स विभाग ने छापामारी की। इस दौरान टीम ने कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं और उनकी जांच कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार रायल ज्वेलर्स के मालिक ने महंगे विदेशी डायमंड खरीद किए थे। इसे लेकर जम्मू से इनकम टैक्स के अधिकारियों ने छापामारी की। टीम ने उक्त ज्वेलर्स के भी सभी दस्तावेज अपने कब्जे लेकर जांच शुरू कर दी है।
देर शाम करीब सात बजे जिंदल अस्पताल में स्थित इनकम टैक्स विभाग की टीम का एक अधिकारी बाहर आया। उसने मीडिया को बताया कि उनकी ओर से अभी सर्च जारी है और इस मामले में एक दो दिन तक लग सकते हैं।
सूत्रों की माने तो दोनों संस्थानों की ओर से खरीदे गए विदेशी सामान को लेकर इनकम टैक्स अधिकारियों के साथ जालंधर ईडी के भी कुछ अधिकारी उनके साथ आए हुए हैं। वेे उक्त खरीदे गए सामान के हिसाब किताब संबंधी दोनों संस्थानों के मालिकों से पूछताछ कर रहे हैं।