न्यू दीप बस कंपनी के चालक की ओर से कुचल कर मारे गए माली राम हेत के परिजनों ने बुधवार देर शाम करीब छह बजे सिविल अस्पताल के बाहर मेन रोड पर जाम लगा दिया।
पीड़ित परिजनों ने प्रशासन के सामने मृतक के लड़के को नौकरी और मुआवजा देने की मांग रखी। परिजनों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक मृतक का संस्कार नहीं किया जाएगा।
लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणजीत गहरी ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से बस कंपनी के मालिक अकाली नेता के साथ समझौते को लेकर पीड़ित परिवार पर दबाव डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उनको प्रशासन की तरफ से कोई मुआवजा भी नहीं दिया गया। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर डॉ. बसंत गर्ग के साथ पीड़ित परिवार की बैठक करवाई गई, जो करीब एक घंटा चली।
इसमें डीसी ने उन्हें वीरवार को उनकी मांगों संबंधी कोई हल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने एक बार अपना धरना स्थगित कर दिया।
आरोपी न्यू दीप बस के चालक कश्मीर सिंह निवासी शेरगढ़ को पुलिस ने उसके गांव से गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलवार देर शाम बठिंडा से अमृतसर जा रही न्यू दीप कंपनी की एक बस ने एनएफएल कॉलोनी के पास साइकिल पर जा रहे माली राम हेत को कुचल दिया था। इसमें उसकी मौके पर मौत हो गई थी।