जिला पुलिस ने डकैती की योजना बनाते छह आरोपियों को काबू किया है।
पुलिस ने उनसे एक कार व वारदात में प्रयोग किए जाने वाले हथियार रिवाल्वर, पिस्तौल समेत तेजधार हथियार बरामद किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी रामपुरा में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह, भीम सिंह, मनप्रीत सिंह, सुखचैन सिंह, गुरप्रीत सिंह और जगसीर सिंह निवासी बठिंडा के तौर पर हुई है।
वहीं पुलिस आरोपियों के दो साथी कुलदीप सिंह और रविंदर कुमार की तलाश कर रही है। एसएसपी स्वप्न शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त आरोपियों ने मिलकर डकैती और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने के लिए एक गैंग बनाया हुआ है।
इसके तहत वे रामपुरा महराज मंडी रोड पर झाड़ियों में छिपकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने उक्त जगह पर छापामारी की।
इस दौरान उक्त छह आरोपियों को काबू किया गया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान माना के बीते दिनों रामपुरा मंडी निवासी अशोक कुमार के घर से नगदी व जेवर चोरी करने की वारदात को उन्होंने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जेवर बरामद कर लिए हैं।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों पर पहले भी कई आपराधिक मामले जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं।