क्षेत्र में कुछ समय से लावारिस पशुओं को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
इस
विवाद के कारण पहले दो किसानों के आमने-सामने आ जाने के बाद जहां पुलिस को
लाठी चार्ज करना पड़ा था वहीं चार जनवरी को गांव दानेवाला में एक युवक की
जान भी चली गई थी। ताजा घटना में गांव दलेलवाला में हुए विवाद में चार
लोगों ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उसे गंभीर हालत में
चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है।
पहले से ही बदहाल किसान अब अपनी
गेहूं की फसल को लावारिस पशुओं से बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।
क्षेत्र में बड़ी संख्या में घूमते लावारिस पशु जिस किसान के खेत में घुस
जाते हैं वहां तबाही मचा देते हैं। इसके कारण किसानों को दिनरात खेतों की
रखवाली करनी पड़ रही है। पशुओं को इधर-उधर घेरते समय किसानों में आपस में
भी तकरार होना आम हो गया है।
इससे परेशान किसानों ने प्रदर्शन कर
पशुओं को जिला कचहरी में छोड़ने का फैसला भी लिया था लेकिन उस समय शहर की
तरफ पशु ला रहे एक गांव के किसानों के साथ रास्ते में पड़ते दूसरे गांव के
किसानों के साथ ही तकरार बढ़ गई। इसके कारण पुलिस को लाठी चार्ज भी करना
पड़ा था। यही नहीं इसके बाद होती रही छोटी मोटी घटनाओं के अलावा चार जनवरी
को गांव दानेवाला में लावारिस पशुओं को लेकर हुए विवाद में गांव के पंच के
नौकर की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गुस्साए गांव
वासियों ने बस स्टैंड झुनीर पर जाम लगाने के बाद पहुंचे अधिकारियों द्वारा
तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा देने के उपरांत जाम
हटाया। अब फिर लावारिस पशुओं के विवाद में ही गांव दलेलवाला का किसान
गुरमेल सिंह जिंदगी व मौत से जूझ रहा है।
गुरमेल सिंह के भाई गुरदीप
सिंह गीता पुत्र टेक सिंह के बयान पर पुलिस ने दलेलवाला निवासी जिंदू
सिंह, दर्शन सिंह, बिरसा सिंह व छिंदा सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने का
मामला दर्ज किया है। किसान नेताओं पीकेयू के प्रधान रुल्दू सिंह मानसा,
भाकियू एकता उगराहां के राम सिंह भैणीबाघा, भाकियू एकता डकौंदा के महिंदर
सिंह भैणीबाघा व महिंदर सिंह दयालपुरा ने कहा कि किसान अपनी अन्य मांगों के
अलावा लावारिस पशुओं के हल के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।