मलोट रोड स्थित दशमेश ट्रांसपोर्ट कंपनी (डीटीसी) के कार्यालय में घुसे लुटेरों ने कंपनी के कैशियर से सात लाख लूट लिए। भाग रहे लुटेरों में से एक को मौके पर लोगों ने दबोच लिया जबकि चार लुटेरे फरार होने में सफल हो गए। पुलिस ने पकडे़ गए लुटेरे की पहचान बताने से इंकार कर दिया। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे डीएसपी पीएस चीमा और थर्मल पुलिस के प्रभारी जीत सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार दशमेश ट्रांसपोर्ट कंपनी के कैशियर राजिंदर कुमार ने बताया कि वह पेमेंट करने के लिए सात लाख रुपये कैश लेकर कार्यालय में पहुंचा था। दोपहर करीब एक बजे वह कार्यालय में अकेला था। उसके कार्यालय के बाहर एक बोलेरो गाड़ी आकर रुकी। जिसमें पांच लोग सवार थे। दो लोग अंदर घुस आए। आते ही एक ने उसे दबोच लिया और दूसरे पैसों से भरा बैग उठाकर भाग गया।
राजिंदर के अनुसार जिस लुटेरे ने उसे पकड़ा था, उसने उसे भागने नहीं दिया और शोर मचा दिया। एक लुटेरा उनके काबू में आ गया जबकि बाकी चार पैसे लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से मामले की जानकारी ली। डीएसपी पीएस चीमा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।