मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नजदीकी और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बड़े पदों पर रह चुके जत्थेदार गुपाल सिंह गोरा के आम आदमी पार्टी में शामिल होने पर पार्टी आपसी फूट का शिकार हो गई।
इसके बाद पार्टी वर्करों और नेताओं में गोरा के बढ़ते विरोध को देखते हुए पार्टी हाईकमांड ने तुरंत कहकर यह पल्ला झाड़ लिया कि वे जबरदस्ती आप पार्टी में शामिल हुए थे न कि उनको पार्टी के किसी बडे़ लीडर ने शामिल करवाया था।
कुछ दिन पहले गिद्दड़बाहा हलके में जब आम आदमी पार्टी की एक रैली थी तो उस दौरान स्टेज पर मौजूद पार्टी के प्र्रदेश अध्यक्ष सुच्चा सिंह छोटेपुर की हाजिरी में जत्थेदार गोरा के गले में आप के निशान वाला पटका पार्टी नेताओं की ओर से डालकर आप में शामिल होने का कहा गया था।
इसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा हो गई। देखते ही देखते गोरा का आप के कुछ नेताओं और वर्करों ने बडे़ स्तर पर विरोध कर दिया।
इस बारे में भगवंत मान ने कहा कि गोरा का आप के साथ कोई संबंध नहीं है। अगर कोई भी व्यक्ति पार्टी की स्टेज पर आकर नेताओं के साथ फोटो करवा ले तो इसका मतलब यह नहीं कि वह आप में शामिल हो गया।
आप के प्रदेश अध्यक्ष सुच्चा सिंह छोटेपुर ने कहा कि गोरा उस दिन स्टेज पर खुद आए, उन्होंने अपने गले में आप के निशान वाला पटका खुद पहना।
उन्होंने कहा कि अब वे आम आदमी पार्टी में सोच समझ कर किसी भी अन्य पार्टी के नेता को शामिल करेंगे।