बठिंडा। नामदेव रोड गली नं.6 के नजदीक हंगामा कर रहे युवकों ने शोर मचाने से रोकने का प्रयास कर रहे पीसीआर पुलिसकर्मियों से पहले तो हाथापाई की और फिर उनकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने इस मामले में पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सिपाही बलप्रीत सिंह ने सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उन्हें कंट्रोल रूप से उन्हें सूचना मिली थी कि नामदेव रोड गली नंबर 6 के नजदीक कुछ युवक ग्रुप बनाकर खड़े हैं और सड़क पर हंगामा कर रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। सूचना पर वह अपने साथी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचा और युवकों को हंगामा करने से रोकने का प्रयास किया। इस पर कमल गोयल, अंगरूरी, मुरारी व 2 अन्य युवकों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और उनकी वर्दी फाड़ दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बलप्रीत की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।