फरीदकोट। अपहरण कांड की पीड़ित छात्रा के अभिभावकों ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट में एक और याचिका दायर करते हुए छात्रा को अदालत में पेश करवाने व उसकी इच्छा दोबारा जानने का आग्रह किया है। अदालत ने इस याचिका की सुनवाई 19 नवंबर को रखी है। साथ ही अदालत ने छात्रा के पिता व पुलिस की तीन याचिकाओं पर फैसला भी 19 नवंबर तक के लिए टाल दिया है।
माता-पिता की तरफ से दायर नई याचिका में अदालत से छात्रा को दोबारा अदालत में पेश करने का आग्रह किया गया है। अभिभावकों का कहना है कि अदालत की तरफ से छात्रा से एक बार फिर उसकी इच्छा पूछते हुए उसे परिवार के हवाले किया जाए। इससे पहले भी छात्रा के पिता ने अदालत से दो याचिकाओं के माध्यम से छात्रा का गर्भ गिराने की इजाजत देने और उसे परिवार के हवाले करने की मांग की हुई है जबकि पुलिस ने एक याचिका के माध्यम से छात्रा के स्वास्थ्य को लेकर उचित आदेश दिए जाने का आग्रह किया हुआ है। अदालत की तरफ से इन सभी याचिकाओं पर 19 नवंबर को सुनवाई रखी गई है। इस मामले में पुलिस की तरफ से गिरफ्तार मुख्य आरोपी निशान सिंह समेत कुल 20 आरोपियों को न्यायिक अवधि बढ़ाने के लिए 17 नवंबर शनिवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।