कोटकपूरा (फरीदकोट)। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भारत विकास परिषद के सहयोग से मनाए गए दंत चिकित्सा पखवाड़े के अंतिम दिन शुक्रवार को 30 जरूरतमंद लोगों को डेंचर दिए गए। स्थानीय अग्रवाल भवन में आयोजित पखवाड़े के समापन समारोह में मुख्य संसदीय सचिव मनतार सिंह बराड़ बतौर मुख्य मेहमान शामिल हुए।
इस अवसर पर भाविप के शाखा प्रधान राम कुमार गर्ग ने सभी का स्वागत किया। जोनल सचिव जयपाल गर्ग ने भाविप की तरफ से समाजसेवा के क्षेत्र में डाले जा रहे योगदान की जानकारी दी। जिला डेंटल अधिकारी डा. कुलदीप धीर ने सिविल अस्पताल कोटकपूरा और फरीदकोट में मनाए गए पखवाडे़ की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 दिनों के दौरान दोनों अस्पतालों में करीब 1600 मरीजों समेत विभिन्न स्कूलों के 1250 बच्चों की मुफ्त जांच की गई। इस पखवाड़े के दौरान कोटकपूरा के 30 और फरीदकोट के 15 जरूरतमंद मरीजों को डेंचर लगाए गए हैं। साथ ही जिला जेल में बंद 15 कैदियों को भी डेंचर लगाए जा रहे हैं। समारोह के दौरान मुख्य मेहमान सीपीएस मनतार सिंह बराड़ ने 30 लोगों को डेंचर बांटे और पखवाड़े में सहयोग देने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों व दशमेश डेंटल कालेज फरीदकोट के डाक्टरों की टीम को भी सम्मानित किया। इस मौके पर एसएमओ डा. गाजी ऊजेर, डा. एनएस बराड़, डा. सोनू गर्ग, भाविप जिलाध्यक्ष टीआर अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम लाल मैंगी, नगर काउंसिल उपाध्यक्ष भूषण मित्तल, संदीप अरोड़ा, कृष्ण सिंगला, नरेशपाल कांसल, लेखराज सिंगला, बाल कृष्ण मित्तल, रबिंदर कपूर, सुनील सिंगला, कमल गर्ग और उमेश तिवारी आदि हाजिर हुए।