संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना बी डिवीजन के तहत आते इलाका चमरांग रोड पर शुक्रवार को गोलियां चल गईं। बताया जा रहा है कि करीब 12 आपराधिक छवि के लोगों ने एक युवक पर हमला कर अंधाधुंध फायरिंग की। दो गोलियां युवक को लगी हैं। घायल को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
पिंकी निवासी एकता नगर चमरांग रोड ने पुलिस को बताया है के बेटे सुजल की कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश थी। शुक्रवार की शाम को उनका बेटा घर के बाहर सड़क पर खड़ा था। इस दौरान आदि, अनिकेत, दानिश और कुछ अन्य मोटरसाइकिल पर आए और बेटे पर हमला कर दिया। पहले उसके सिर पर तेजधार हथियार से वार किया, जब बेटा बचने के लिए भागा तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दो गोलियां उसकी टांग में लगी हैं और एक छाती को छूकर निकल गई। गोलियां चलने की आवाज सुन लोग इकट्ठे हो गए। लोगों को देख आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना बी डिवीजन के एसएचओ इंस्पेक्टर शिव दर्शन सिंह पहुंचे। इसके बाद सीआईए स्टाफ के साथ-साथ एडीसीपी सिटी-3 अभिमन्यु राणा व अन्य अधिकारी पहुंचे। थाना बी डिवीजन में केस दर्ज कर लिया गया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमराें की फुटेज को खंगाला जा रहा है।