तैयारियां पूरी, सुबह आठ बजे एसजीपीसी कार्यालय से होगा रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री गुरु नानक देव जी की जयंती मनाने के लिए 896 सिख श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को सुबह आठ बजे एसजीपीसी कार्यालय से गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान के लिए रवाना होगा। इस संबंध में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को तीर्थ यात्रियों को एसजीपीसी कार्यालय से वीजा के साथ उनके पासपोर्ट प्राप्त हुए।
एसजीपीसी के सचिव प्रताप सिंह ने बताया कि 1684 तीर्थ यात्रियों के पासपोर्ट दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग को भेजे गए थे, जिनमें से दूतावास ने 896 तीर्थ यात्रियों को वीजा जारी किया है। उन्होंने कहा कि दूतावास की ओर से 788 तीर्थ यात्रियों को वीजा नहीं दिया गया। बड़ी संख्या में सिख तीर्थ यात्रियों का वीजा रद्द किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिन तीर्थ यात्रियों को अपना पासपोर्ट नहीं मिल सका है, उन्हें जत्थे के प्रस्थान से पहले सुबह पासपोर्ट प्राप्त कर लेना चाहिए।
वीजा न मिलने बुजुर्ग की आखें हुईं नम
वीजा न लगने के कारण 70 वर्षीय सुरजीत कौर निवासी मानसा की आंखों नम थीं। आंसू पोंछते हुए सुरजीत कौर ने कहा कि काफी समय से इंतजार कर रही थी कि बाबा नानक की जन्मस्थली के दर्शन हों। परंतु वाहे गुरु ने मेरी नही सुनी। मुझे इसका दुख है कि वीजा नहीं मिला। अब मेरी वापस मानसा घर जाने की हिम्मत नहीं पड़ रही है। उन्होंने कहा कि न जाने क्यों बाबा नानक मेरे से नाराज हैं। दो वर्ष पहले भी वीजा के लिए अप्लाई किया था, तब भी वीजा नहीं मिला था।