श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड पर स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की हुई मौत के बाद परिजनों और लोगों ने प्रबंधकों के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। जिस कारण हवाई अड्डे की तरफ जाने-आने वाले लोगों को घंटों सड़क पर रुकना पड़ा। जिन लोगों ने एयरपोर्ट पहुंचकर फ्लाइट पकड़नी थी, वह दो पहिया सवार से लिफ्ट लेकर गए।
जानकारी के अनुसार विशाल नामक नौजवान की निजी अस्पताल में हार्ट सर्जरी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने उसे आठ दिन तक आईसीयू में रखा और विशाल से नहीं मिलने दिया। इसके बाद रविवार को उसे मृत बता दिया। परिवार का आरोप है कि विशाल की मौत पहले ही हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधकों ने बिल बढ़ाने के लिए आईसीयू में रखा हुआ था। समाचार लिखे जाने तक लोग सड़कों पर बैठे थे। गुमटाला चौकी की पुलिस पहुंचकर पीड़ित परिवार को समझाने का प्रयास कर रही है।