अमृतसर में यूथ अकाली दल ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह के आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद विपक्षी दलों में उनका विरोध करना भी शुरू कर दिया है । अकाली यूथ विंग के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अमृतसर के ग्रीन एवेन्यू स्थित पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह की कोठी का घेराव किया।
यूथ विंग पंजाब महासचिव जोध सिंह समरा के नेतृत्व में भारी संख्या में अकाली दल यूथ कार्यकर्ताओं ने पूर्व आईजी की कोठी के बाहर नारेबाजी की। उग्र प्रदर्शनकारियों ने कोठी के बाहर की बैरिकेडिंग भी तोड़ दी। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई है। पुलिस ने यूथ विंग के 15 नेताओं को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें कुछ देर के बाद रिहा कर दिया गया।
यूथ अकाली दल के प्रदेश महासचिव जोध सिंह समरा ने कहा कि भले ही कुंवर विजय प्रताप ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। पत्रकार का कैमरा छीनना दर्शाता है कि अब भी कुंवर मे अफसरशाही और तानाशाही कूट-कूटकर भरी है। उन्होंने कहा कि कुंवर विजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार करना चाहिए। जिस तरह से उन्होंने बेअदबी मामले में एकतरफा जांच की और हाईकोर्ट में उन्हें फटकार भी लगी।
आप कार्यकर्ताओं ने घेरा राजकुमार वेरका का घर
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सफाई कर्मचारियों के साथ झूठ बोलकर धरना उठवाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायक राजकुमार वेरका के निवास के बाहर नारेबाजी की। आप के करीब 130 कार्यकर्ताओं का आप एससी विंग के जिला प्रधान डॉ. इंद्रपाल ने नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा कि वेरका झूठे डॉक्टर हैं। सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की बात के संबंध में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात होने का उन्होंने झूठ बोला। सफाई कर्मचारी भी डॉ. वेरका के झूठ में आ गए और उन्होंने अपना धरना हटा लिया लेकिन जब बात स्पष्ट हुई तो पता चला कि सरकार उनके लिए इसमें कुछ भी नहीं कर रही।
डॉ. इंद्रपाल ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच मौजूदा सफाई व्यवस्था के लिए कैप्टन सरकार जिम्मेदार है। पंजाब के बेरोजगार कहीं टंकियों पर चढ़े हैं तो कहीं टावरों पर चढ़कर कैप्टन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी है कि जब तक राज्य सरकार सफाई कर्मियों से किए वादे पूरे नहीं करती, तब तक आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहेंगे।