डेरा बाबा नानक की सीमा पर पहुंच कर कॉरिडोर के कार्यो का जायजा लेते हुए एनएचएआई के चेयरमैन डॉ.एन.एन सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
भारत-पाकिस्तान सीमा पर निर्माणाधीन कॉरिडोर के काम का निरीक्षण करने एनएचएआई (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) की टीम पहुंची। शनिवार को पहुंची टीम की अगुवाई एनएचएआई के चेयरमैन डॉ. एनएन सिन्हा ने की।
उनके साथ सीगल कंस्ट्रक्शन कंपनी के वाइस प्रेजीडेंट जतिंदर सिंह, मनीष रस्तोगी, विशाल गुप्ता और जसपाल सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर चेयरमैन सिन्हा ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के जतिंदर सिंह से कॉरिडोर निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा की। इसके अलावा कॉरिडोर पर निर्माणाधीन विभिन्न प्रकार की बिल्डिंगों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर चेयरमैन सिन्हा ने मौके पर पौधे भी लगाए।
डॉ. सिन्हा ने निर्माण कार्यों पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि कॉरिडोर का लगभग 90 फीसदी निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। महज 10 फीसदी काम बाकी रह गया है और वो भी फिनिंशिग का है। फुटपाथ पर सिर्फ 500 मीटर का काम और रह गया है। इसके अलावा बनाए गए पुल पर लेयरिंग पर काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि 15 से 20 दिन का काम बाकी रह गया है।
उन्होंने कहा कि वह पूरा प्रयास कर रहे हैं कि जो उन्होंने कॉरिडोर को बनाने का टारगेट लिया था, उसे निश्चित समय में पूरा करें। उन्होंने कहा कि उनके इंजीनियरों और कांट्रेक्टरों ने निर्माण कार्यों के लिए इतना थोड़ा समय मिलने के बावजूद जो कॉरिडोर की कनेक्टिविटी का काम किया है, वह प्रशंसनीय है।