अमृतसर। थाना मोहकमपुरा के अंतर्गत आते न्यू प्रीत नगर में ज्योति नाम की महिला ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। ज्योति के परिवार का आरोप है कि उसका पति सोहन सिंह रावत अक्सर उनकी बेटी को बच्चा न होने पर ताने मारा करता था। सब इंस्पेक्टर करतार सिंह ने बताया कि पति सोहन सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मजीठा रोड निवासी संदीप रावत ने पुलिस को बताया कि पांच साल पहले उन्होंने अपनी बहन ज्योति की शादी सोहन रावत के साथ की थी। उनका बहनोई गुड़गांव में किसी आईटी कंपनी में काम करता है। शादी के बाद दोनों वहीं रह रहे थे। कोरोना काल में दोनों घर (अमृतसर) से ही काम कर रहे थे। उनकी बहन के संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर सोहन अक्सर उनकी बहन को परेशान करता था। 25 जनवरी को ज्योति अपने पिता का जन्मदिन मनाने मायके आई थी। शाम को ससुराल पहुंचते ही ज्योति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ज्योति के ससुरालियों ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी तो वह घटनास्थल पर पहुंचे। संदीप रावत ने पुलिस को बताया कि ज्योति रावत ने मरने से पहले अपने पिता को पति द्वारा की गई प्रताड़ना के बारे में मैसेज किए थे। पुलिस ने ज्योति और उसके पिता के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल से इंसाफ की गुहार लगाई है।