बटाला के गुरुद्वारा कंध साहिब में संगत के लिए बनाई जा रही मिठाइयां।
- फोटो : GURDASPUR
बटाला के गुरुद्वारा श्री कंध साहिब में पहली पातशाही श्री गुरुनानक देव जी का विवाह पर्व इस बार 25 अगस्त को मनाया जा रहा है। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि इस बार कोरोना के कारण बटाला में विशाल नगर-कीर्तन नहीं निकलेगा और न ही सुल्तानपुर लोधी से बारात रूपी नगर कीर्तन बटाला पहुंचेगा। विवाह पर्व पर बाजारों में खुले लंगर लगाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। बावजूद इसके गुरुद्वारा कंध साहिब में बड़ी संख्या में संगत पहुंच रही है। इस बार केवल गुरुद्वारा श्री कंध साहिब, गुरुद्वारा डेहरा साहिब समेत गुरुद्वारा साहिबान में ही संगत जुटेगी।
गुरुद्वारा श्री कंध साहिब में हो रही सजावट
संगत की ओर से गुरुद्वारा कंध साहिब को सजाया जा रहा है। दर्शन के लिए संगत पहुंचने लगी है। रात में गुरुद्वारा साहिब की शोभा बढ़ाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गुरुद्वारा साहिब में संगत के लिए मिठाइयां भी तैयार की जा रही है। हलवाई इस काम में जुटे हुए हैं।
श्री अखंड पाठ साहिब शुरू, 25 को पड़ेंगे भोग
खालसाई रिवायतों के अनुसार रविवार को गुरुद्वारा श्री कंध साहिब समेत सभी गुरुद्वारा साहिबान में श्री अखंड पाठ साहिब शुरू हो गए हैं। रविवार को गुरुद्वारा कंध साहिब के हेड ग्रंथी गुरविंदर सिंह ने अरदास करने के उपरांत गुरुद्वारा कंध साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब शुरू कर दिए। इनके भोग 25 अगस्त को दस बजे डाले जाएंगे।
संगत अपने घरों में दीपमाला करे : भाटिया
गुरुद्वारा श्री कंध साहिब के मैनेजर गुरतिंदरपाल सिंह भाटिया ने बताया कि 25 अगस्त को भोग के उपरांत गुरुद्वारा साहिब में दीवान सजाए जाएंगे। इस दिन बटाला की वरिष्ठ शख्सियतें गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होंगी। इस बार बटाला में नगर-कीर्तन निकालने की आज्ञा नहीं दी गई। विवाह पर्व को लेकर संगत में भारी उत्साह है। उन्होंने संगत से अपील की कि संगत गुरुद्वारा श्री कंध साहिब में नतमस्तक होने के लिए पहुंचें। 25 अगस्त को सारी संगत अपने घरों में दीपमाला करें।
बटाला में रात के वक्त लाइटों से सजाया गया गुरुद्वारा श्री कंध साहिब।- फोटो : GURDASPUR