संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकी संगठन से जुड़े गैंगस्टर गुरदेव जस्सल और गुरलाल उर्फ गुल्लू के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से तीन पिस्तौल व कारतूस बरामद हुए हैं।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान नवांशहर के बैंस निवासी लवदीप सिंह उर्फ लव और एसबीएस नगर के बहिराम के गांव बीसला निवासी टेक चंद उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को विदेशों में बैठे आकाओं द्वारा पंजाब में दहशत फैलाने की साजिश के तहत विरोधी गैंग के सदस्यों की टारगेट किलिंग का काम सौंपा गया था। पुलिस टीमों ने दोनों आरोपियों को कलानौर, गुरदासपुर के अड्डा बख्शीवाल से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि पुलिस टीमों ने आरोपियों की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार भी जब्त की है। इस संबंध में गुरदासपुर के थाना कलानौर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।