संवाद न्यूज एजेंसी।
बटाला। डेरा बाबा नानक रोड स्थित दाना मंडी के पास रविवार शाम अज्ञात बाइक सवार युवकों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जसजीत सिंह उर्फ डिंपी चीमा (38) निवासी मान नगर बटाला के रूप में हुई है।
वारदात के बाद मृतक के पारिवारिक सदस्यों ने शव सड़क पर रख प्रदर्शन किया। सूचना पर डीएसपी सिटी संजीव कुमार और एसएचओ सिविल लाइन बटाला एसआई हरजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच में जुटी थी। पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि जसजीत सिंह अपने दोस्त के घर किसी समागम में गया था। रविवार देर शाम को जब वह वापस आ रहा था तो चार युवकों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दी। इस संबंध में डीएसपी सिटी संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी हैं। आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।