संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिला शहरी पुलिस ने दुबई से संचालित हो रहे एक गैंग के दो आरोपियों को एक पिस्तौल, एक ग्लॉक पिस्टल व सात कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जंडियाला गुरु निवासी चांद आनंद और बचित्तर सिंह उर्फ लिखारी के रूप में हुई है।
एडीसीपी जगरूप कौर बाठ ने बताया कि मोहकमपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो गैंगस्टर इलाके में घूम रहे हैं। वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। नाकाबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके पर ही आरोपी चांद आनंद से एक .32 बोर की पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए गए। वहीं, आरोपी बचित्तर सिंह से नौ एमएम ग्लॉक पिस्टल और तीन कारतूस मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये हथियार दुबई में रह रहे किशना ने किसी व्यक्ति के जरिये भेजे थे। आरोपियों ने किशना के निर्देश पर जंडियाला गुरु में दो वारदातों को अंजाम दिया था। एडीसीपी ने बताया कि चांद आनंद का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी और मारपीट के मामले शामिल हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।