बॉर्डर रेंज पुलिस ने गुरदासपुर और अमृतसर देहात में सक्रिय गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर तीन विदेशी पिस्टल, कारतूस, तीस हजार रुपये और दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार बरामद की है। गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिशें दे रही है। पुलिस को शक है कि गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
आईजी (बॉर्डर रेंज) एसपीएस परमार ने पत्रकारों को बताया पुलिस गिरफ्त में आए शातिरों के नाम सुखदीप सिंह उर्फ घूघा, हरविंदर सिंह उर्फ दोधी व हरजीत सिंह उर्फ जीता हैं। घूघा को अदालत भगोड़ा करार दे चुकी है। पुलिस को इनकी तीन वर्षों से तलाश थी। इनकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी गुरदासपुर ने एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी की सूचना पर सोमवार की सुबह थाना कंबोज की पुलिस ने इलाके में नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की थी। तीनों स्विफ्ट कार में सवार होकर जा रहे थे। पुलिस ने कार की तलाशी में हथियार बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
आईजी परमार ने बताया तीनों के संबंध प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टरों के साथ हैं। यह तीनों पाकिस्तान के साथ सटी गुरदासपुर और अमृतसर की अंतरराष्ट्रीय सीमा के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों से हेरोइन की खेप मंगवाते थे। बीते दिनों इनकी ओर से पाकिस्तान से मंगवाई गई 22 किलो हेरोइन बीएसएफ ने गुरदासपुर सीमा से बरामद की थी।
गुरदासपुर में लूटा था कोऑपरेटिव बैंक
आईजी परमार ने बताया कि इन तीनों की अपराध से बनाई गई संपत्तियों की जांच शुरू कर दी गई है। इनके बैंक अकाउंट की डिटेल मंगवाई जा रही है। इनके बैंक अकाउंट सीज कराए जाएंगे। परमार के अनुसार तीनों ने बीती 29 जुलाई को गुरदासपुर के कोऑपरेटिव बैंक में साढ़े पांच लाख की डकैती की थी। इनके कब्जे से मिली 30 हजार की नगदी बैंक डकैती की है। बैंक डकैती के दौरान आज पकड़ी गई कार का उपयोग किया गया था। तीनों पर गुरदासपुर के गांव भटवाला में हरप्रीत सिंह को गोली मारकर जख्मी करने का आरोप है।