पांच तस्करों को हेरोइन, 4 कारों और 1 ट्रैक्टर समेत काबू किए जाने के बाद इंटेरोगेशन में हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। देहात पुलिस ने पंजाब में हवाला रैकेट का पर्दाफाश करते हुए इस गिरोह के तीन सदस्यों को काबू किया है। घरिंडा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 56 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस ने इस हवाला रैकेट का पर्दाफाश पिछले दिनों साढ़े चार किलो हेरोइन और चार कारों तथा एक ट्रैक्टर के साथ काबू किए पांच तस्करों की इंटेरोगेशन के बाद किया।
एसएसपी देहाती ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फिरोजपुर निवासी गुरप्रीत सिंह, लुधियाना जिला के गांव सिंधवा बेट निवासी अनोख सिंह तथा राजीव जैन के रूप में बताई है। उन्होंने बताया कि घरिंडा थाने की पुलिस ने पिछले दिनों पांच तस्करों लद्धेवाल हवेलियां निवासी सर्वण सिंह, अटारी निवासी विशाल अटारी, हरमीत नारली और हरी सुर सिंह को 4.5 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आल्टो कारें, एक सकारपियो कार, एक वर्ना कार तथा एक ट्रैक्टर बरामद किया था। उन्होंने बताया कि विशाल अटारी की पूछताछ में हवाला रैकेट का पर्दाफाश हुआ, जिसके बाद पुलिस ने बैंक खाते में पड़ी 3 लाख 88 हजार रुपये की ड्रग मनी फ्रीज की। विशाल से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर गुरप्रीत सिंह, अनोख सिंह तथा राजीव जैन को हवाला के रैकेट में काबू करने के बाद उनके कब्जे से हवाला के 55 लाख 90 हजार रुपये बरामद किए।
डीएसपी अटारी सुखजिंदर थापर ने बताया कि 12 फरवरी 2024 को घरिंडा थाने में दर्ज हुए एनडीपीएस के मामले में पुलिस अभी तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि हवाला राशि के साथ काबू किए उक्त तीनों आरोपियों की जांच पड़ताल की जा रही है।