बटाला पुलिस की ओर से पकड़ी गई चोरी की गाड़ियां।
- फोटो : GURDASPUR
बटाला। पुलिस ने लूटपाट और वाहन चोरी करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की 5 गाड़ियां, दो राइफल, दो पिस्तौल, 25 कारतूस और ढाई लाख रुपये बरामद हुए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आईजी बार्डर रेंज सुरिंदरपाल सिंह परमार ने बताया कि सीआईए स्टाफ बटाला ने गुप्त सूचना के आधार पर कंडियाल बाईपास के नजदीक नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान आरोपियों को रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपनी पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी करतार नगर बटाला, बलजीत सिंह निवासी होशियारपुर औैर दीपक कुमार निवासी गुरु नानक नगर होशियार के रूप में बताई। तीनों आरोपियों से दो राइफल, दो कारतूस, दो पिस्तौल 32 बोर, 23 कारतूस और 2,55,000 रुपये बरामद हुए। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 2 स्कारर्पियो, एक जीप, एक वरना कार औैर एक बोलैरो बरामद की।
आईजी परमार ने बताया कि आरोपी चोरी की गाड़ियां जाली दस्तावेज तैयार करके बेचते थे। आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ थाना धारीवाल में 2016 में हत्या का मामला दर्ज हुआ था, जिसके तहत वह 20 वर्ष की सजा काट रहा था। कुछ समय से वह पैरोल पर आया था और वापस जेल नहीं गया। इस पर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। इसके अलावा गुरप्रीत सिंह पर और भी मामले दर्ज हैं। पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना है।
चोरी की 3 बाइक समेत 4 काबू
बटाला। आईजी बार्डर रेंज एसपीएस परमार ने बताया कि बटाला पुलिस ने एक ऐसे गिरोह के चार शातिरों को गिरफ्तार किया जो शराब के ठेकों को अपना निशाना बनाते थे। इस गिरोह से चोरी की तीन बाइक बरामद हुई हैं। आरोपियों की पहचान अजय कुमार, अमित कुमार निवासी अलीवाल रोड बटाला, जतिंदर सिंह निवासी गांव किला लाल सिंह औैर सरदार मसीह निवासी गांव हसनपुर डेरा रोड बटाला के रूप में हुई है। आईजी एसपीएस परमार ने आगे बताया कि आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ लाची ने यह माना हैै कि उसने अपने साथियों से मिलकर बटाला, होशियारपुर और अमृतसर में 6 ठेकों से करीब शराब की 149 पेटियां की चोरी की हैं। इसके अलावा 350 ट्रांसफार्मर का तेल चुराकर बेचा है।