संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने अजनाला के सरपंच पति कुलजीत सिंह संधू की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने पंजाब सरकार से कहा कि यदि राज्य पुलिस मामले की तह तक नहीं पहुंच पाती है, तो जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंप दी जाए।
औजला ने रविवार को परिवार के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे इस मामले को अदालत तक ले जाएंगे और जरूरत पड़ने पर संघर्ष भी करेंगे। औजला ने बताया कि कुलजीत सिंह के लापता होने के बाद उनका मोबाइल कई घंटे तक सक्रिय रहा। परिवार के अनुसार, करीब 14-15 घंटे तक मोबाइल चलता रहा लेकिन पुलिस उसकी सही लोकेशन का पता नहीं लगा सकी। औजला ने सवाल उठाया कि आधुनिक तकनीक होने के बावजूद पुलिस 20-25 किलोमीटर के दायरे में व्यक्ति को समय रहते क्यों नहीं खोज पाई। कुलजीत सिंह संधू 21 सितंबर को अपने घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। उनका शव 23 सितंबर को रामदास क्षेत्र के पास सड़क किनारे बरामद हुआ। परिवार ने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग जगहों की लोकेशन बताई थी। कभी नदी के पार तो कभी किसी गांव या जंगल की लोकेशन दी गई।