संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। महानगर के बसंत आइसक्रीम पार्लर में अज्ञात चोरों ने देर रात बड़ी चोरी को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता चरणजीत सिंह निवासी राजगुरु नगर के अनुसार चोर दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे और गल्ले में रखे ढाई लाख रुपये नकद तथा पांच मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह कर्मचारियों ने दुकान खोली और काउंटर बिखरा हुआ देखा। इसके बाद सूचना मिलते ही मालिक और थाना डिवीजन आठ की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मौके से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जिसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। फुटेज में वह मुंह ढके हुए छत से नीचे उतरकर चोरी करता नजर आ रहा है। पुलिस अब आसपास लगाए गए अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी की वारदात योजनाबद्ध लगती है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की संभावना है।