संवाद न्यूज
मोगा। मोगा पुलिस ने सरकारी नौकरी का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना साइबर क्राइम मोगा के इंचार्ज इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित मनप्रीत सिंह ने शिकायत में कहा था कि आरोपी जसमीत सिंह, निवासी निहाल सिंह वाला ने उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था और इसके बदले दो लाख रुपये ले लिए। शिकायत के अनुसार पीड़ित ने एक लाख रुपये ऑनलाइन आरोपी के बताए बैंक खाते में ट्रांसफर किए जबकि एक लाख रुपये नकद दिए थे। जांच में ठगी की पुष्टि होने पर साइबर क्राइम थाना मोगा में मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया जहां से पुलिस ने एक दिन का रिमांड प्राप्त किया है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी मोगा सिटी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उसने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाया है।