गुरदासपुर। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारुचक्क सोमवार को गुरदासपुर की दाना मंडियों के दौरे पर थे। इस दौरान जब उनका काफिला धारीवाल में पहुंचा तो वहां काफिले में सड़क पर एक छोटा बच्चा रिक्शा लेकर जा रहा था। जिसे मौके पर खड़े एक थानेदार ने सख्ती दिखाते हुए थप्पड़ जड़ दिया। इस कारण बच्चा बुरी तरह से सहम गया। इस दौरान मंत्री वहां से गुजर रहे थे।
उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर रिक्शा वाले छोटे बच्चे से प्यार जताया और उन्होंने पत्रकारों के सामने ही पुलिस अधिकारियों से कहा कि छोटे बच्चे के साथ ऐसा व्यवहार देखकर उन्हें ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान मुख्यमंत्री की सरकार पंजाब से वीआईपी सभ्याचार खत्म कर चुकी है। वह नहीं चाहेंगे कि उनकी फेरी के दौरान किसी भी तरह ऐसा वाकया हो। उन्होंने थाना मुखी धारीवाल मनजीत सिंह व हलका इंचार्ज कादियां जगरूप सिंह सेखवां को स्पेशल तौर पर कहा कि इस पुलिस अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और इस कार्रवाई के बारे में उन्हें भी सूचित किया जाए। कैबिनेट मंत्री के इस आदेश की काफी चर्चा है।