पुलिस ने एक बीमा एजेंट के खिलाफ लोगों से बीमा करवाने के नाम पर लाखों रुपये ठगने का मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता कुलविंदर कौर निवासी तेज नगर सुल्तानविंड रोड ने पुलिस को बताया कि नरिंदर सिंह निवासी गली नंबर छह गुरुनानक पुरा सुल्तानविंड रोड ने उन्हें कहा कि वह सरकार का रजिस्टर्ड बीमा एजेंट है और उनकी राशि को वह कम समय में डबल करवा देगा।
कुलविंदर कौर समेत आरोपी ने कई लोगों को अपने झांसे में लिया है। आरोपी ने कुलविंदर कौर से चालीस हजार, हरदीप सिंह से दो लाख रुपये, सुरिंदर कौर से पांच लाख रुपये, अमरिंदर सिंह से साढ़े तीन लाख रुपये, अवतार सिंह से तीन लाख रुपये, राजकुमार से पांच लाख, जसविंदर सिंह से चार लाख, बिक्रम जीत सिंह से चार लाख रुपये, कमल कुमार से तीन लाख, राजू से दो लाख, गुरमीत कौर से साढ़े तीन लाख रुपये बीमा करवाने नाम पर लिए थे।
लेकिन आरोपी ने यह राशि बीमा कंपनी में जमा नहीं करवाई और रुपये लेकर फरार हो गया।
थाना कोतवाली पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।