संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। रेलवे ट्रैक पर निगरानी कैमरे लगवाकर उनकी फुटेज पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को भेजने के मुख्य आरोपी दिलप्रीत सिंह को मंगलवार को अमृतसर लाया जाएगा। जीआरपी ने उसे लुधियाना जेल से लाने के लिए प्रोडक्शन वारंट हासिल कर लिया है।
जीआरपी उससे गंभीरता से पूछताछ करेगी। इसका उद्देश्य इस पूरी योजना में शामिल अन्य लोगों का पता लगाना है। थाना जीआरपी के प्रभारी शाम सुंदर शर्मा ने बताया कि इस मामले में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें एक युवक वह था जिसने सिम कार्ड जारी करवाया था। तीन अन्य युवकों ने कैमरे लगाने का काम किया था। इन सभी से पूछताछ के आधार पर ही दिलप्रीत सिंह के बारे में जानकारी मिली थी। दिलप्रीत सिंह लुधियाना जेल में बंद एक कुख्यात अपराधी है। वह जेल के अंदर से ही आईएसआई के साथ संपर्क में रहकर कई गतिविधियां कर रहा था। आरोपियों की योजना स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रेलवे ट्रैक पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी। पुलिस टीम अब दिलप्रीत सिंह से गहन पूछताछ कर जांच को आगे बढ़ाएगी।