परिवार का आरोप सुपारी किलर के जरिये करवाई गई थी बेटे की हत्या, परिवार पोस्टमार्टम के लिए नहीं माना
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। टिब्बा रोड के स्वतंत्र नगर इलाके में प्रॉपर्टी डीलर हरजिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मृतक हरजिंदर के परिवार ने आरोप लगाया कि हत्या करने वाले पेशेवर अपराधी हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी पांच हत्याएं कर चुके हैं और हरजिंदर को भी पैसे लेकर मारा गया। परिवार ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। पुलिस ने परिवार को बताया कि मोहित और मंजीत सिंह उर्फ बोबी को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार देर रात टिब्बा थाना इलाके में यह वारदात हुई थी। परिवार के अनुसार, सुपारी देकर अमृतसर से बुलाए गए कातिलों ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की। पूरी साजिश के पीछे राजीनामे का दबाव बताया जा रहा है।
पुलिस की जांच और दबिश
इस हत्याकांड को सुलझाने के लिए पुलिस की सात टीमें लगातार काम कर रही हैं। पुलिस टीमें पंजाब के साथ-साथ हरियाणा, दिल्ली और देहरादून में भी दबिश दे रही हैं। थाना टिब्बा के इंचार्ज इंस्पेक्टर गगनप्रीत सिंह ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परिवार ने जिस अभि महल पर आरोप लगाया था वह विदेश में रहता है। पुलिस जल्द ही मामले का पूरा खुलासा करने का दावा कर रही है।