अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी में स्थानीय अधिकारियों से मुलाकात की है। यह मुलाकात भगत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कमेटी के सदस्य राजिंदर सिंह मेहता और अजायब सिंह अभियासी ने किया।
यह बड़ा नगर कीर्तन 20 जनवरी 2027 को गुरुद्वारा गुरु बाग वाराणसी से शुरू होगा। नगर कीर्तन विभिन्न शहरों से गुजरते हुए करीब 11 दिनों का सफर तय करके श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल में धर्म प्रचार कमेटी के अतिरिक्त सचिव भगवंत सिंह धंगेरा और सिख मिशन हापुड़ इंचार्ज बृजपाल सिंह भी शामिल थे। वाराणसी का सिख इतिहास में विशेष स्थान रहा है। यहां पहले गुरु नानक देव और नौवें गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने चरण डाले थे। भगत रविदास जी की जन्म शताब्दी के लिए कमेटी ने विशेष कार्यक्रम तय किए हैं। वाराणसी की धरती से भगत कबीर और भगत रविदास का गहरा नाता रहा है। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। यात्रा से जुड़े सभी प्रशासनिक पहलुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा हो चुकी है।