शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर शिक्षकों ने लंबित मांगों को उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब एवं चंडीगढ़ कॉलेज टीचर्स यूनियन के आह्वान पर सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षकों ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के बाहर विशाल क्षेत्रीय रैली और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने सामूहिक आकस्मिक अवकाश लेकर अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। विभिन्न कॉलेजों के शिक्षक बड़ी संख्या में इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
एआईएफयूसीटीओ के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनय सोफत ने कहा कि शिक्षकों के पेशेवर और वित्तीय मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सहायता प्राप्त कॉलेजों में 1925 स्वीकृत पदों के लिए ग्रांट-इन-एड को 75 फीसदी से बढ़ाकर 95 फीसदी करने की मांग की। यूनियन ने सेल्फ-फाइनेंसिंग पदों को भी ग्रांट-इन-एड के दायरे में लाने की मांग रखी है।
पीसीपीटीयू महासचिव डॉ. बीबी यादव ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से लागू सातवें वेतन आयोग के बकाये का भुगतान किया जाए। इसके साथ ही लंबित सीएएस प्रोन्नति मामलों और 1 अक्तूबर 2022 से 28 फरवरी 2024 तक के पूरक बकाये का भी जल्द भुगतान होना चाहिए। उन्होंने पात्र शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना और ग्रेच्युटी लाभ बहाल करने की मांग भी उठाई।
यूनियन के वित्त सचिव डॉ. ललित कुमार ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार रिफ्रेशर कोर्स में छूट दिए जाने की बात कही। उन्होंने पंजाब सरकार के कैलेंडर के अनुरूप विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की।
रैली में जिला सचिव डॉ. सनी शर्मा, अध्यक्ष डॉ. हीरा सिंह और डॉ. परमिंदरजीत कौर ने भी विचार रखे। इसके अलावा प्रो. रॉबिन, प्रो. सेवा सिंह और डॉ. अश्मीन कौर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सभा को संबोधित किया। वक्ताओं ने पंजाब सरकार, डीपीआई कॉलेज और विश्वविद्यालय अधिकारियों से सभी मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील की।