-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। हथियार रिकवरी के लिए गई पुलिस पर आतंकी ने गोली चला दी। हालांकि जवाबी फायरिंग में वह भी जख्मी हो गया। आरोपी आतंकी की टांग में गोली लगी। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई बोहड़ी साहिब गुरुद्वारा के पास हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी करणदीप सिंह के अलावा चार अन्य आरोपी गुरसेवक, अमृतपाल, अर्शदीप और एक नाबालिग के इनपुट के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से विदेशी हथियार रिकवर किए गए थे। यह सभी तरनतारन के रहने वाले हैं।
जांच दौरान आरोपियों से पता चला कि यह सारे विदेश में बैठे सत्ता और लखबीर लंडा के साथी हैं। करणदीप ने उन्हें बातों में फंसाया और अपने साथ पैसों का लालच देकर जोड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हथियार छिपाए होने की जानकारी दी। इसी के तहत आरोपी करणदीप सिंह को हथियार रिकवरी के लिए लेकर जाया गया और जब उससे रिकवरी करवाई जा रही थी तो उसने मौका पाकर पिस्तौल निकाला और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग करते हुए एक गोली करणदीप सिंह की टांग पर लगी।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी करणदीप सिंह पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। करणदीप सिंह सत्ता व लंडा के संपर्क में था और उन्होंने ही उसे विदेशी हैंडलरों से संपर्क करवाया था जिसके बाद वे टारगेट किलिंग के नेटवर्क के साथ जुड़ गया। फिलहाल रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।