पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव कृष्ण कुमार की मनमानियों से परेशान अध्यापकों ने वीरवार को जिला परिषद कांप्लेक्स के बाहर शिक्षा सचिव का पुतला फूंककर नारेबाजी की। डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट पंजाब के आह्वान पर सचिव हटाओ शिक्षा बचाओ के नारे लगाते हुए अध्यापकों ने प्रदर्शन किया।
अध्यापक नेता अश्वनी अवस्थी, गुरदेव सिंह, हरजाप सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब शिक्षा विभाग के सचिव कृष्ण कुमार ने ऑनलाइन शिक्षा को स्कूली शिक्षा का विकल्प बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया हुआ है। शिक्षा व अध्यापकों से जुड़े मसलों को हल करने से उन्होंने कन्नी काट रखी है।
डीटीएफ के स्टेट कमेटी के सदस्य गुरबिंदर सिंह खैरा ने बताया कि शिक्षा सचिव का रवैया तानाशाही व शिक्षा विरोधी हैं। प्रदर्शन में अमरजीत भल्ला, अमरजीत वेरका, बलदेव हेर, पुरुषोत्तम सिंह, हरभजन गिल, मंगल दास, अरुण चंद शर्मा, अमन करमपुरा, राजेश कुमार पराशर, कुलदीप, किरणदीप सिंह, निर्मल सिंह शामिल थे।