सरकारी अस्पताल सुरसिंह में मेडिकलल करवाने के लिए लाए गए शहजाद के साथ बीएसएफ के जवान।
- फोटो : amarujala
भारत-पाक सीमा पर खालड़ा के पास संदिग्ध परिस्थिति में घूम रहे एक व्यक्ति को बीएसएफ जवानों ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान शहजाद (35) पुत्र बाबू निवासी छपरौली, (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
बीएसएफ 138 बटालियन के इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि खालड़ा सीमा पर पिल्लर नंबर 129/33 पर गोल्ड कंपनी के जवान एडी नायडू व प्रकाश कुमार मुश्तैदी से ड्यूटी दे रहे थे। उन्हें रात 1 बजे के करीब एक व्यक्ति सीमा के नजदीक घूमता दिखाई दिया।
जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया तो उक्त व्यक्ति वहीं चुपचाप खड़ा हो गया। जवानों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी ली गई लेकिन उसे कुछ नहीं मिला। इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति का सरकारी अस्पताल सुरसिंह में मेडिकल करवाने के बाद उसे पुलिस थाना खालड़ा के हवाले कर दिया गया है। इस केस संबंधी डीएसपी भिखीविंड जैमल सिंह नागोके ने कहा कि पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ करने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।