ज्वेलर लोकेश बब्बर की फाइल फोटो
- फोटो : amarujala
इंदिरा कालोनी स्थित लक्की ज्वैलर के मालिक लोकेश बब्बर उर्फ लक्की ने सोमवार रात अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली। इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर उनकी मौत हो गई। आत्महत्या किये जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। थाना डिवीजन नंबर एक की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी हरिकृष्ण सिंह थने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे लक्की दुकान बंद करने के बाद अपने घर चला गया था। वहां अपने परिजनों के साथ बात करने के बाद फर्स्ट फ्लोर पर बने अपने रूम में चला गया। वहां कुछ मिनट कमरे में रुकने के बाद वह नीचे आकर अपनी मां संतोष कुमारी को ढूंढने लगा।
घर में मां के न मिलने के बाद वह अपने ताया के घर गया। वहां भी जब उसकी मां न मिली तो वह सीधा दुकान पर चला गया। करीब आधे घंटे के बाद वह दुकान में रखी लाइसेंसी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर घर आया।
इसके बाद फ्लोर पर बने कमरे में जाकर अपनी कनपटी पर एक फायर किया। गोली की आवाज सुनकर परिजन तत्काल कमरे में पहुंचे। वहां लक्की खून से लथपथ पड़ा। परिजन उसे डलहौजी रोड स्थित अमनदीप अस्पताल ले गए। वहां मंगलवार की दोपहर उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच के बाद लक्की की मौत का कारण कारोबार में घाटा पाया गया है। व्यापार में नुकसान होने के कारण लक्की पिछले कुछ दिनों से परेशान था। उन्होंने कहा कि इसके बाद बावजूद पुलिस इस मामले की तफ्तीश करने में लगी हुई है।