अमृतसर के हकीमां गेट थानाक्षेत्र ढपई इलाका में पन्नू चौक के पास स्थित मोहल्ला बोहड़ वाला इलाका से शनिवार को रिजल्ट देखने स्कूल गया चौथी कक्षा का बच्चा गायब हो गया। रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों से पूछताछ के बाद जब परिजनों को बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, तो पिता ने इसकी पुलिस में शिकायत कर दी। पिता के बयान पर पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरु कर दी है।
पन्नू चौक स्थित बोहड़ वाला मोहल्ला निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका नौ वर्षीय बेटा तरलोक सिंह सरकारी सेकेंडरी स्कूल ढपई में चौथी कक्षा में पढ़ता है। उसका 31 मार्च को स्कूल में नतीजा घोषित किया जाना था। उनका बेटा शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे अपना नतीजा जानने के लिए घर से स्कूल के लिए गया। मामले के जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज में बच्चा अकेला ही चलता नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपने सूत्र इलाके में छोड़े हैं, ताकि बालक का पता लगा कर उसे बरामद किया जा सके।