संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने पुलिस प्रताड़ना का शिकार हुए गुरसिख युवक मोहनजीत सिंह शेरों से मुलाकात की। उन्होंने उसके ककारों की बेअदबी करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। धामी ने एसजीपीसी की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले गुरसिख युवक के ककारों की बेअदबी सिख कौम कभी बर्दाश्त नहीं कर सकती। उन्होंने कहा, सरकार की नीतियों और सामाजिक मुद्दों पर सवाल उठाना हर नागरिक का अधिकार है। सवाल करने वाले व्यक्ति पर पुलिस कार्रवाई या अत्याचार की कोई कानूनी अनुमति नहीं है। धामी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के गांव में पहुंचने के दौरान मोहनजीत सिंह ने नशे को लेकर सवाल किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे पीटा और उसके ककारों की बेअदबी की। उन्होंने कहा कि ककार सिख जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
धामी ने बताया कि एसजीपीसी पीड़ित युवक की हरसंभव सहायता करेगी। जरूरत पड़ने पर उसका इलाज श्री गुरु रामदास मेडिकल कॉलेज में करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि जानबूझकर ककारों की बेअदबी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान एसजीपीसी सदस्य भूपिंदर सिंह बलवान भी मौजूद रहे।