अमृतसर। चार फरवरी 1986 में नकोदर में हुई श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से मारे गए चार सिख नौजवानों की याद में वीरवार को श्री अकाल तख्त साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। चार सिख नौजवानों की आत्मिक शांति के लिए आयोजित अरदास के बाद इनके परिजनों ने कहा कि पंजाब सरकार गोली चलाने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें कानून के कटघरे में खड़ा करे।
शहीद हुए एक नौजवान रविंद्र सिंह की बहन गगनदीप कौर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 35 वर्ष बाद भी पंजाब सरकार उन्हें इंसाफ दिलाने में नाकाम रही है। इन 35 वर्षों में शिअद व कांग्रेस की सरकारों का गठन हुआ। परंतु किसी भी सरकार ने पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने का कोई प्रयास नहीं किया। इस अवसर पर दल खालसा के प्रवक्ता कंवर पाल सिंह ने कहा कि दु:ख का विषय है कि जो पुलिस अधिकारी गोलीकांड के गुनहगार थे, वह आज शिरोमणि अकाली दल में हैं। शिअद ने इन पुलिस अधिकारियों को शरण दी हुई है। इस कार्यक्रम में मारे गए चार नौजवानो में से एक ही परिवार के लोग शामिल हुए। सिख संगठनों ने रविंद्र सिंह के परिजनों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। यह पहला अवसर है जब सिख संगठन ने नकोदार में मारे गए चार सिख नौजवानों की आत्मिक शांति के लिए श्री अकाल तख्त साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले हैं।