संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिला देहाती पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उससे पांच किलो हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान घरिंडा इलाका निवासी पवनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
एसएसपी देहाती मनिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी पवनप्रीत पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों के साथ संपंर्क में है। वह सीमा पार से हेरोइन व अन्य नशीले पदार्थ मंगवाकर अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करता है। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी पर नजर रखनी शुरू की। इस दौरान पता चला कि गत दिनों भी पाकिस्तान से हेरोइन की खेप ड्रोन के जरिये सीमा के इस पारी भेजी गई थी, जिसे आरोपी ने रिसीव किया था। रविवार को आरोपी हेरोइन की डिलिवरी करने जा रहा था। इसी दौरान नाकाबंदी के दौरान आरोपी को काबू कर उससे पांच किलो हेरोइन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।