शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने डेरा सिरसा मुखी गुरमीत राम रहीम को हरियाणा सरकार की ओर से पैरोल देने पर सख्त एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि सरकारें सिखों के साथ दोहरे मापदंड अपना रहीं हैं।
धामी ने कहा कि एक तरफ दुष्कर्म और हत्या जैसे संगीन अपराध में सजायाफ्ता और बेअदबी के मामलों के दोष में घिरे गुरमीत राम रहीम पर खास मेहरबानी दिखाई जा रही है। वहीं दूसरी तरफ तीन-तीन दशकों से जेलों में नजरबंद सिखों को सजाएं पूरी होने के बावजूद रिहा नहीं किया जा रहा। यहां तक कि बहुत से बंदी सिखों को पैरोल भी नसीब नहीं हुई। यह दोहरी नीति है, जिस पर सरकारें सवालों के घेरे में हैं। धामी ने कहा कि राजसी लाभ के लिए ऐसे हथकंडे देश के हित में नहीं हैं और सरकारों को ऐसी हरकतों से बाज आना चाहिए।