शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा पंथ से निष्कासित पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह के साथ तालमेल रखने वाले दो गुरुद्वारा साहिबान के मैनेजरों और तीन प्रचारकों के विरुद्ध कार्रवाई की है।
ऐतिहासिक गुरुद्वारा बारठ साहिब के मैनेजर जगदीश सिंह और गुरुद्वारा बुर्ज साहिब के मैनेजर रंजीत सिंह का तबादला हरियाणा के दो गुरुद्वारा साहिब में कर दिया गया है। दोनों को दो-दो हजार रुपये का जुर्माना भी किया गया है। प्रचारक भाई बलबीर सिंह और भाई जगरूप सिंह को धर्म प्रचार कमेटी से हरियाणा सिख मिशन में ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। एक अन्य प्रचारक गुरुनाम सिंह का तबादला गुरुद्वारा गढ़ी गुरदास नंगल से एसजीपीसी मुख्यालय कर दिया गया है
बता दें कि गुरुद्वारा गढ़ी बंदा सिंह बहादुर में लंगाह को अमृत छकाने और उन्हें 21 दिन की गुरुद्वारा साहिब में झाड़ू करने के सेवा के आदेश देने के मामले में विवाद हुआ था। इसके बाद जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने एसजीपीसी अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल को आदेश दिए थे कि उन कर्मचारियों व अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए जिन्होंने पंथ से निष्कासित लंगाह के साथ तालमेल बनाया हुआ है। लौंगोवाल ने जत्थेदार के इस आदेश पर अमल करते हुए यह कार्रवाई की है। इससे पहले भी एसजीपीसी तीन कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर चुकी है। इस कार्रवाई की पुष्टि लौंगोवाल के निजी सहायक दर्शन सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जिनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उसकी जानकारी श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय को भी भेज दी गई है।