दो मामलों में पुलिस ने पांच कारतूस, बोलेनो कार और बाइक भी की बरामद
गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। ग्रामीण पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशीले पदार्थों का धंधा करने के आरोप में दो मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 722 ग्राम हेरोइन, 2.30 लाख रुपये ड्रग मनी, एक पिस्तौल, मैगजीन, पांच कारतूस, बोलेनो कार और बाइक बरामद कर केस दर्ज कर लिए हैं।
एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कई बातों का खुलासा किया है जिस पर पुलिस काम कर रही है। इंस्पेक्टर मनमीत पाल सिंह को सूचना मिली थी कि घरिंडा थाने के अधीन पड़ते गांव अचिंत कोट निवासी गुरमीत सिंह, नेष्टा गांव निवासी हरदेव सिंह और तेजिंदर सिंह हेरोइन की खेप लेकर इलाके से निकल रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध परिस्थितियों में उक्त तीनों आरोपियों को बोलेनो कार में आते देख रुकने का इशारा किया। कार रुकने पर जब तलाशी ली गई तो वहां से 722 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। सीआईए स्टाफ ने उक्त मामले को लेकर थाना घरिंडा में केस दर्ज किया है।
एक अन्य मामले में लखना गांव निवासी लवप्रीत सिंह, मन्नण गांव निवासी बलजीत सिंह, प्रभदीप सिंह, सुखवंत सिंह को काबू किया है। चारों को काबू करने पर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से पिस्तौल, मैगजीन, पांच कारतूस और 1.30 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद की गई।