संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सीमा के बिल्कुल नजदीक हुए ग्रेनेड हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने निगरानी बढ़ा दी है। बॉर्डर से सटे इलाकों में पुलिस की गश्त भी लगातार बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
रमदास के गांव जट्टा में दो दिन पहले ग्रेनेड हमला हुआ था। यह गांव सीमा से मात्र एक किलोमीटर दूर है। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही हैं। सीमा से जुड़े रास्तों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस उपमहानिरीक्षक हरमनबीर सिंह गिल ने पुलिस अधिकारियों को पूरे सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की गाड़ियां संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चक्कर लगा रही हैं। संदिग्ध लोगों और वाहनों पर नजर रखने के लिए जांच भी बढ़ाई जा रही है। सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस के बीच सुरक्षा को लेकर समन्वय बनाए रखा जा रहा है। सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश हैं। ग्रेनेड हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां विशेष रूप से उन रास्तों और स्थानों पर नजर रख रही हैं। जहां से संदिग्ध लोग सीमा क्षेत्र की ओर या शहर की तरफ आवाजाही कर सकते हैं।