अनुसूचित जाति से संबंधित अमृतधारी सिख बुजुर्ग की पगड़ी उतारने व उनके साथ बेअदबी के मामले में पंजाब राज्य एससी कमीशन ने एसएसपी देहाती से रिपोर्ट तलब की है। कमीशन के सदस्य तरसेम सिंह सियालका के पास यह मामला पहुंचने के बाद कमीशन ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है।
एससी कमीशन को दी शिकायत में बताया गया कि पुलिस थाना तरसिक्का के तहत आने वाले गांव राएपुर खुर्द की मौजूदा सरपंच जसबीर कौर के अमृतधारी सिख अमरीक सिंह की उच्च जाति के लोगों की ओर से मारपीट करने और ककारों की बेअदबी की गई थी। गांव के लोगों के साथ आए अमरीक सिंह और सरपंच जसबीर कौर ने तरसेम सिंह सियालका को बताया कि डेरों की ओर जाते रास्तों को पक्का करने को लेकर काम शुरू किया गया था। गांव के एक जमींदार परिवार ने रास्ता पक्का करने के काम में रुकावट डाली और बतौर निगरान जब अमरीक सिंह ने सरकारी काम में विध्न नहीं डालने की बात कही। तो जमींदार परिवार ने उसकी पगड़ी उतार दी और उसके द्वारा पहने ककारों की बेअदबी करते हुए जातिसूचक शब्द कहते हुए मारपीट की थी। कमीशन ने उक्त मामले में पुलिस मुखी देहाती से विभागीय कार्रवाई करते हुए इसमें 21 जून को स्टेट्स रिपोर्ट देने को कहा है।