ऑपरेशन ब्लू स्टार की 37वीं बरसी के मौके पर अमृतसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर में लगभग सात हजार जवान तैनात किए गए हैं। शहर के बाहरी हिस्सों में गाड़ियों के काफिले के साथ पेट्रोलिंग की जा रही है।
ऑपरेशन ब्लू स्टार की 37वीं बरसी के मौके पर अमृतसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अमृतसर की लोकल पुलिस के अलावा अमृतसर देहाती और पीएपी जालंधर के पुलिस बल की शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनाती की गई है। शहर में लगभग सात हजार जवान तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल शहर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर बल के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक करके स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस परमिंदर सिंह भंडाल के नेतृत्व पुलिस बल ने शहर के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया है। भारी संख्या में पुलिस बल ने हाल बाजार से लेकर श्री हरमंदिर साहिब तक पैदल ही पेट्रोलिंग की। इसके साथ ही डीसीपी भंडाल के नेतृत्व में पुलिस ने स्वर्ण मंदिर के आसपास के इलाकों में भी पैदल मार्च निकाला।
विज्ञापन
वहीं, शहर के बाहरी हिस्सों में गाड़ियों के काफिले के साथ पेट्रोलिंग की जा रही है। पेट्रोलिंग करने से पहले डीसीपी भंडाल ने मीडिया को बताया कि शहर की सुरक्षा में पांच हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की गई है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह ने बताया कि हाल बाजार से लेकर श्री हरमंदिर साहिब तक ही दो हजार से ज्यादा सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पूरे शहर की बैरिकेडिंग करके नाकेबंदी कर ली गई है। सभी वाहनों विशेषकर बाहर से आने वाले वाहनों की सख्त चेकिंग की जा रही है।
वहीं एसएसपी देहाती के नेतृत्व में मजीठा, मेहता और रामदास इलाका में रहने वाले गर्मख्याली लोगों पर नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान शहर और देहात के इलाकों में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। पूर्व में आतंकवादी रह चुके बॉर्डर इलाका में रहने वालों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।