थाना पट्टी के अंतर्गत आती भल्ला कालोनी में 65 वर्षीय सेवानिवृत्त अध्यापक सतीश शर्मा की हत्या कर दी गई। हत्या का पता उस समय लगा, जब उनकी बेटी ससुराल से उनसे मिलने घर पहुंची। वह तीन दिन से फोन नहीं उठा रहे थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अजय खुल्लर के मुताबिक सेवानिवृत्त अध्यापक सतीश शर्मा की पत्नी का देहांत हो चुका है। उनका बेटा विदेश में रहता है। बेटी रजनी शर्मा की पट्टी के व्यापारी प्रमोद कुमार से शादी हुई है। वह रोजाना अपनी बेटी के घर खाना खाने जाते थेे। गत पांच अक्तूबर को भी वह बेटी के यहां से खाना खाकर अपने घर चले आए। अगले दिन वह खाना खाने नहीं पहुंचे। तीन दिन तक रजनी अपने पिता को फोन करती रही, परंतु उन्होंने फोन नहीं उठाया। परेशान बेटी वीरवार की सुबह उन्हें मिलने घर पहुंची। गेट खोला तो पूरे घर में बदबू फैली हुई थी।
कमरे में पिता सतीश शर्मा का खून से सना शव पड़ा था। सिर पर तेजधार हथियारों से वार किए गए थे। रजनी ने तुरंत अपने पति प्रमोद कुमार को बुलाया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजय खुल्लर, ड्यूटी अफसर सविंदरपाल सिंह, रेशम सिंह, सरूप सिंह मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में लग रहा है कि बुजुर्ग ने हत्यारों का मुकाबला भी किया था। जांच में पता चला कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपने पांव बाथरूम में जाकर धोए थे। इसके बाद जाते समय घर के बाहर वाला गेट बंद करके ताला लगा गए और चाबी अंदर फेंक दी। रजनी ने दूसरी चाबी से ताला खोला था।
सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है जांच: एसएसपी
एसएसपी ध्रुमन एच निंबाले ने बताया कि मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे ले ली गई है। तीन दिन के दौरान गली में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है।