संवाद न्यूज एजेंसी
तरनतारन। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कांग्रेस उम्मीदवार करण बुर्ज के कार्यालय में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तरनतारन उपचुनाव की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। वड़िंग ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता और अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी रही है।
राजा वड़िंग ने कहा कि विदेशों में बैठे गैंगस्टरों की फिरौती की कॉल पंजाब में माहौल खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को खालिस्तान नहीं, हिंदुस्तान चाहिए। विपक्षी दलों के पास कोई और मुद्दा नहीं है और वह लोगों को गुमराह कर रहे हैं। आप और शिरोमणि अकाली दल कांग्रेस के बढ़ते ग्राफ से पूरी तरह डरे हुए हैं। आप के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में लोगों ने विकास कार्य नहीं, बल्कि सिर्फ पर्चे की राजनीति देखी है। 2022 में एक महीने के अंदर नशाखोरी खत्म करने का वादा करके सत्ता में आई आम आदमी पार्टी साढ़े तीन साल में अपना वादा पूरा करने में नाकाम रही। तरनतारन हलके के सीमावर्ती इलाकों समेत गली-मोहल्लों में नशे के पैकेट बिक रहे हैं। इस अवसर पर विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह सुख सरकारिया, पूर्व मंत्री अनिल जोशी, पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव रितिक अरोड़ा, जिला परिषद सदस्य राजबीर सिंह भुल्लर, पूर्व चेयरमैन अवतार सिंह तनेजा और अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।