अमृतसर से तख्त श्री हजूर साहिब तक जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन के पुराने रूट को बहाल कर दिया गया है। अब यह ट्रेन अगस्त माह से फिर से लुधियाना से सरहिंद, राजपुरा से अंबाला के लिए चलेगी। अभी यह ट्रेन लुधियाना से चंडीगढ़ जा रही है। विभिन्न जन संस्थाओं और श्री हजूर साहिब के दर्शन करने वाली संगत की मांग पर ट्रेन का पुराना रूट बहाल किया गया है।
फिरोजपुर रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार इस गाड़ी की अग्रिम बुकिंग काफी ज्यादा होती है। अगस्त माह से पुराने रूट पर ट्रेन बहाल हो जाएगी। सचखंड एक्सप्रेस को नया रूट मिलने से चंडीगढ़ से कनेक्टिविटी बढ़ी थी। इसके तहत सुबह-शाम इंटर सिटी को जोड़कर रोजाना तीन ट्रेनें चंडीगढ़ जा रही थीं लेकिन पुराने रूट के बहाल होने से अब सिर्फ दो ट्रेन ही चंडीगढ़ जाएंगी।
पुराने रूट के बहाल होने से समय भी बदलेगा। सचखंड एक्सप्रेस वर्तमान में अमृतसर रेलवे स्टेशन से सुबह 4:25 बजे रवाना होती है। नए समय के मुताबिक अब ट्रेन साढ़े पांच बजे चलेगी। अगले दिन दोपहर में श्री नांदेड़ साहिब पहुंचेगी। इसी तरह यह ट्रेन श्री नांदेड़ साहिब से सुबह 9:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। सचखंड एक्सप्रेस तीन जनवरी 2021 को पहली बार अमृतसर से लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला के रास्ते श्री नांदेड़ साहिब के लिए रवाना हुई थी। अब ट्रेन दोबारा चंडीगढ़ जाने के बजाय लुधियाना से सीधे अंबाला, सहारनपुर होते हुए श्री नांदेड़ साहिब जाएगी।