अमेरिका के शहर न्यूयार्क से सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से 31 अगस्त को की गई पंजाब बंद की काल का पंजाब में कोई प्रभाव नहीं दिखा। आम लोगों ने इस बंद को पूरी तरह नजरअंदाज किया। शहर की सभी मुख्य मार्केट, बाजार व माल खुले रहे। पन्नू ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शहीद बेअंत सिंह के हत्यारे दिलावर सिंह की श्री अकाल तख्त साहिब में आयोजित बरसी के दौरान पंजाब बंद की कॉल दी थी। पन्नू की इस कॉल को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी। श्री हरमंदिर साहिब की तरफ जाने वाले हॉल गेट के बाहर पुलिस व कमांडो ने नाका लगाकर आने जाने वालों पर पैनी निगाह रखे थे। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के आसपास की सभी मार्केट व दुकानें खुलीं थीं।
बेअंत सिंह के हत्यारे की बरसी श्री अकाल तख्त साहिब में मनाई गई
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या करने वाले दिलावर सिंह बब्बर की 25वीं बरसी हर वर्ष की भांति श्री अकाल तख्त साहिब की पहली मंजिल में मनाई गई। श्री अखंड पाठ के भोग के बाद अरदास हुई। सचखंड के हजूरी रागी सिंहों ने गुरबाणी व कीर्तन का जाप किया। श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से दिलावर सिंह के परिजनों को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दल खालसा के कंवरपाल सिंह, प्रोफेसर बलविंदर सिंह, ईमान सिंह मान व अन्य मौजूद थे।